Tuesday, October 20th, 2026

भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला ऐतिहासिक बजट- मंत्री कमल पटेल

 भोपाल

किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने आम बजट को आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। बजट में एक लाख करोड़ के एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड जैसे कृषक हित में साहसिक फैसले लेकर तैयार किये गये पहले डिजिटल बजट के लिये मंत्री पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि गाँव में अधोसंरचना विकास के लिए बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रावधान किया गया है। इससे गाँव के लोगों की तकदीर बदलेगी। अब किसान खेती के साथ उद्योग लगा सकेगा और व्यापार कर सकेगा। साथ ही अपनी उपज को प्रोसेस कर एमआरपी पर बेच सकेगा। उन्होंने कहा कि खरीदी में एमएसपी भी जारी रहेगी। नयी मंडियाँ खोली जाएंगी। बजट में एक हजार नयी ई-मंडी की स्थापना का प्रावधान किया गया है। पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाये गये कृषि सेस से मिलने वाले राजस्व को अब ग्रामीण अधोसंरचना विकास पर खर्च किया जाएगा।

मंत्री पटेल ने कहा कि बजट से शहरों और गाँवों का फर्क मिट जाएगा। गाँवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य की सेवाओं का विस्तार होगा, इसके लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किया गया है। गाँव में किसानों को भंडारण सुविधा और उद्योग लगाने के लिए सब्सिडी के साथ लोन दिया जाएगा। इससे गाँव के युवाओं को नौकरी के लिए शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा। युवाओं को गाँव में ही रोजगार उपलब्ध होगा।

 

#ऐतिहासिक बजट

Source : Agency

पाठको की राय